Thursday, September 24, 2026
Home देश महाकाल में सोनिया के लिए प्रियंका करवा रही महामृत्युंजय जाप, 11 दिन...

महाकाल में सोनिया के लिए प्रियंका करवा रही महामृत्युंजय जाप, 11 दिन चलेगा अनुष्ठान

398

उज्जैन। उज्जैन (Ujjain) स्थित महाकालेश्वर मंदिर (Mahakaleshwar temple) में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के (priyanka doing Mahamrityunjay chanting for Sonia Gandhi) स्वास्थ्य लाभ के लिए महामृत्युंजय मंत्र का अनुष्ठान किया जा रहा है। उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के द्वारा यह अनुष्ठान करवाया जा रहा है। इसकी पूर्णाहुति में प्रियंका गांधी उज्जैन आ सकती हैं।

इसकी शुरुआत शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने पूजन-अर्चन करते हुए की। अनुष्ठान 11 दिन तक चलेगा, जिसे रोजाना पांच पंडित अनुष्ठान करेंगे।

बता दें कि 2 जून को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा है। उनके श्वसन तंत्र के निचले हिस्से में इंफेक्शन भी पाया गया। नाक से ब्लड आने के बाद 12 जून को उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

इसके बाद प्रियंका ने महाकाल मंदिर में मां के बेहतर स्वास्थ्य की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप करवाने को कहा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल समेत मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रवि शुक्ला, रघु परमार और अन्य नेताओं ने पूजन अर्चन कर अनुष्ठान की शुरुआत की।

23 को ED के समक्ष होनी है पेशी

प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में सोनिया गांधी को 23 जून को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। इससे पहले ईडी ने सोनिया गांधी को 8 जून को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन 2 जून को सोनिया गांधी के कोरोना संक्रमित होने के कारण उन्होंने जांच एजेंसी से पेशी के लिए नई तारीख देने के लिए कहा था।