The Duniyadari: कोरबा- महिला आरक्षण को लेकर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है और इसे आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
सोमवार को शहर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित चर्चा कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती, तो मौजूदा सीटों के आधार पर इसे तत्काल लागू किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि जनगणना और परिसीमन की शर्त जोड़कर सरकार ने इस कानून को अनिश्चितकाल तक टालने की राह बना दी है।
अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण की विरोधी नहीं है, बल्कि अधूरे और भ्रामक प्रावधानों का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कानून में ओबीसी और अन्य वंचित वर्ग की महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है, जो सामाजिक न्याय के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने कानून लागू करने की कोई स्पष्ट समयसीमा भी तय नहीं की है, जिससे यह आशंका और मजबूत होती है कि इसे जानबूझकर लंबित रखने की रणनीति अपनाई गई है।
अग्रवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा महिला सशक्तिकरण के पक्ष में रही है और देश को महिला प्रधानमंत्री, महिला राष्ट्रपति और महिला लोकसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद कांग्रेस शासनकाल में ही मिले हैं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ईमानदारी से महिला आरक्षण लागू करना चाहती है, तो कांग्रेस इसका पूरा समर्थन करेगी और इसे तत्काल लागू करने की मांग करेगी।
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, विकास सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, राकेश पंकज, शशि अग्रवाल, रेखा त्रिपाठी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















