माघ पूर्णिमा पर राजिम त्रिवेणी संगम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कुंभ कल्प मेला 2026 शुरू

14

The Duniyadari: राजिम। माघ पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को राजिम स्थित त्रिवेणी संगम में आस्था का भव्य दृश्य देखने को मिला। पैरी, सोंढूर और महानदी के संगम पर तड़के सुबह से हजारों श्रद्धालुओं ने माघी स्नान कर पुण्य लाभ लिया। इसी के साथ ऐतिहासिक राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने शिवलिंग निर्माण कर पूजा-अर्चना की और दीपदान किया, जिससे संगम क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। इसके पश्चात श्री राजीव लोचन मंदिर व कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों में दर्शन के लिए भीड़ उमड़ी।

इस वर्ष कुंभ कल्प मेले को बारह ज्योतिर्लिंग और पंचकोशी धाम की थीम पर सजाया गया है। मेले में संत समागम, प्रवचन और धार्मिक आयोजनों का क्रम चलेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और यातायात की पुख्ता व्यवस्था की गई है।

मुख्य बिंदु:

  • माघ पूर्णिमा पर त्रिवेणी संगम में हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्नान
  • राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का शुभारंभ
  • दीपदान से संगम क्षेत्र हुआ रोशन
  • 12 ज्योतिर्लिंग व पंचकोशी धाम थीम पर सजा मेला