The Duniyadari: Raigarh– जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम रोजाना वाहन जांच अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल पर कार्रवाई की गई।
डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UJ 4901 को रोककर जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि वाहन में नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था, जिससे पटाखों जैसी तेज आवाज निकल रही थी।
पुलिस के अनुसार इस तरह के साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए असुविधा और खतरे का कारण बनते हैं। मामले में वाहन चालक अवधेश कुमार श्रीवास के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(4) के तहत कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
रायगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में अनधिकृत संशोधन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।















