Thursday, July 2, 2026
Home Breaking मोबाइल नंबर नहीं देने पर युवती से छेड़छाड़, बीच-बचाव करने आए युवक...

मोबाइल नंबर नहीं देने पर युवती से छेड़छाड़, बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकू से हमला; आरोपी गिरफ्तार

11

The Duniyadari: Raigarh – महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने छेड़छाड़ और चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पहले एक युवती से जबरन मोबाइल नंबर मांगा और इंकार करने पर उसके साथ अभद्रता की। विरोध होने पर उसने बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस के अनुसार, लैलूंगा क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती पिछले करीब छह महीने से धरमजयगढ़ में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती है। 30 जून की शाम वह अपनी सहेली के साथ निर्माण स्थल पर काम कर रही थी। इसी दौरान तुर्कापारा निवासी 23 वर्षीय सागर सारथी उर्फ चेमे नितागी वहां पहुंचा और युवती से मोबाइल नंबर मांगने लगा। युवती के मना करने पर उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही युवती की सहेली ने अपने जीजा को मौके पर बुलाया। उन्होंने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गुस्से में घर गया और चाकू लेकर वापस लौट आया। इसके बाद उसने युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसके पेट और छाती में गंभीर चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता की शिकायत पर धरमजयगढ़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।