The Duniyadari: कोरबा, 27 अगस्त 2026। भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षाबंधन इस बार जिला जेल कोरबा में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया जाएगा। जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंचने वाली बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मुलाकात और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
रक्षाबंधन के दिन बंदियों से मुलाकात का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान जेल के प्रवेश द्वार पर आने वाले सभी परिजनों की कड़ी जांच की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने और प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तथा जेल कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
बहनों के लिए जेल परिसर में खास इंतजाम
जेलर अमितेश साहू के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में बहनों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जेल के पीछे मुलाकात स्थल पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इंतजार करने वाले परिजनों के लिए छांव और बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही पीने के लिए शीतल पेयजल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
खुली मिठाई अंदर ले जाना होगा मना
जेल प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सबसे अहम निर्देश मिठाई को लेकर जारी किया है। रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों के लिए केवल सीलबंद पैकेट में मिठाई लेकर ही जेल परिसर में प्रवेश कर सकेंगी। खुली मिठाई या खुले खाद्य पदार्थों को सुरक्षा जांच के दौरान बाहर ही रोक दिया जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक, जेल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी प्रतिबंधित वस्तु के अंदर पहुंचने की संभावना को रोकने के लिए यह नियम लागू किया गया है।
जेल प्रशासन ने रक्षाबंधन पर जेल आने वाले सभी परिजनों से निर्धारित समय का ध्यान रखने और प्रवेश के दौरान होने वाली सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है। इससे त्योहार के दिन मुलाकात की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सकेगी।


































