Saturday, March 21, 2026
Home कोरबा रतीजा पॉवर प्लांट में तकनीकी खराबी से लगी आग, घंटों की मशक्कत...

रतीजा पॉवर प्लांट में तकनीकी खराबी से लगी आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

31

The Duniyadari: कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत रतीजा गांव स्थित निजी बिजली संयंत्र में बीती रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने के लिए संयंत्र की आंतरिक दमकल व्यवस्था के साथ-साथ पास के चाकाबूड़ा प्लांट से भी मदद ली गई।

सूत्रों के अनुसार, संयंत्र के एक सेक्शन में हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी आने से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आग तेजी से फैलते हुए उस हिस्से तक पहुंच गई, जहां ज्वलनशील सामग्री रखी गई थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

आग लगते ही प्रबंधन सतर्क हुआ और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। दो दमकल इकाइयों की संयुक्त कार्रवाई से लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि इस घटना में हुए नुकसान को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

इस मामले में रतीजा पॉवर के महाप्रबंधक सी.पी. पांडेय का कहना है कि स्थिति गंभीर नहीं थी। उन्होंने इसे नियमित तकनीकी घटना बताते हुए कहा कि मीडिया में जिस तरह की बड़ी आगजनी की चर्चा है, वैसा कुछ नहीं हुआ।