राजिम जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री साय का संदेश, भक्त माता राजिम के विचारों से होगा समाज का कल्याण

12

The Duniyadari : रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भक्तिन माता राजिम और माता कर्मा द्वारा दिए गए संदेश आज भी मानव समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके विचारों को अपनाकर समाज का कल्याण संभव है। वे राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्री राजीव लोचन और भक्त माता राजिम की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में साहू सृजन पत्रिका का विमोचन भी किया गया, वहीं साहू समाज की ओर से मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने साहू समाज को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समाज शिक्षा, संगठन और संस्कार के बल पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। साहू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और दानवीर भामाशाह तथा बाबा सत्यनारायण जी जैसे महापुरुषों के आदर्श आज भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तब उसका प्रभाव प्रदेश और देश की प्रगति में भी दिखाई देता है। साहू समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह को उन्होंने अनुकरणीय पहल बताते हुए इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और अब नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राज्य नक्सल समस्या से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा। इस दौरान उन्होंने सिरकट्टी आश्रम में भव्य राम-जानकी मंदिर में धर्म ध्वजा स्थापना का भी उल्लेख किया और इसे आस्था का महत्वपूर्ण क्षण बताया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साहू समाज अपनी एकजुटता और सामाजिक चेतना के लिए पहचाना जाता है। त्रिवेणी संगम की पावन भूमि से प्रेरणा लेकर समाज के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने माता राजिम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह भूमि त्याग, तपस्या और श्रम की प्रतीक है। उन्होंने शिक्षा और संस्कार को समाज की प्रगति का आधार बताया।

कार्यक्रम में साहू समाज के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।