The Duniyadari: Raipur नगर निगम ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग के खिलाफ अभियान चलाते हुए कार्रवाई की है। नगर निगम जोन क्रमांक-2 की स्वास्थ्य विभाग टीम ने बाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर कई संस्थानों में अनियमितताएं पाई, जिसके बाद संबंधित संचालकों पर जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और प्रतिष्ठानों में डस्टबिन की व्यवस्था नहीं मिली, वहीं कुछ स्थानों पर गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग किए जाने की शिकायतें भी सही पाई गईं।
जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लवनिया की मौजूदगी में टीम ने 18 संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 14,500 रुपये का ई-चालान जारी किया। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को स्वच्छता नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की हिदायत देते हुए भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में स्वच्छता नियमों के पालन को लेकर सख्त संदेश गया है।
















