The Duniyadari: सारंगढ़-बिलाईगढ़- जिले के ग्राम झुमका में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को सौंपे गए आवेदन और कलेक्टर कार्यालय में की गई शिकायत पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने राजस्व विभाग में लापरवाही और अनियमितता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पटवारी बद्रीप्रसाद साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मामले में कार्रवाई से पहले संबंधित पटवारी से कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। जांच के दौरान प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर यह निर्णय लिया गया। प्रशासनिक जांच में पाया गया कि पटवारी ने अपने पदस्थ दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती, जिससे राजस्व अभिलेखों में अनियमितता और भूमि विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
जांच में सामने आया कि ग्राम झुमका स्थित खसरा नंबर 246 के बंटांकन संबंधी कार्य में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि बिना स्थल निरीक्षण और विधिवत नाप-जोख के भू-नक्शा पोर्टल में भूमि का विभाजन दर्ज किया गया। इसके अलावा भूमि के रकबे और कब्जे के अनुरूप अभिलेखों में संशोधन नहीं किए जाने से संबंधित पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी।
कलेक्टर ने इसे शासकीय सेवक के आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय बिलाईगढ़ निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















