The Duniyadari: रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में जनरल परेड और विशेष बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले की मौजूदगी में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दंगा नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन से जुड़ी रणनीतियों का प्रदर्शन किया।
परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने जवानों की सलामी लेने के बाद उनकी वर्दी, अनुशासन और तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही मोटर ट्रांसपोर्ट (एमटी) शाखा के वाहनों की भी जांच की गई। निरीक्षण के बाद पुलिस बल ने मार्च पास्ट कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।
इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में बलवा ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान अश्रु गैस दल, लाठी पार्टी, केन पार्टी और रायफल पार्टी ने उपद्रव की स्थिति में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा घेरा बनाने और त्वरित कार्रवाई की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया।
प्रशिक्षण सत्र में पुलिसकर्मियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के महत्वपूर्ण प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, ताकि कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने पुलिस बल की तत्परता और अनुशासन की सराहना करते हुए नियमित प्रशिक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए टीमवर्क, सतर्कता और बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, इस साप्ताहिक अभ्यास में कुल 595 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। विभाग का कहना है कि ऐसे नियमित प्रशिक्षण से पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ती है और आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है।















