Saturday, March 21, 2026
Home छत्तीसगढ़ रायपुर में अमित शाह की अध्यक्षता में एंटी-नक्सल रणनीति पर अहम मंथन...

रायपुर में अमित शाह की अध्यक्षता में एंटी-नक्सल रणनीति पर अहम मंथन शुरू

36

The Duniyadari: रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई में नक्सल विरोधी अभियान को लेकर रायपुर में उच्चस्तरीय बैठकों का दौर आज शुरू हो गया है। पहली समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीजीपी समेत नक्सल प्रभावित राज्यों के पुलिस प्रमुख और गृह सचिव शामिल हैं।

दोपहर 12:45 बजे तक चलने वाली इस बैठक में मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, खुफिया जानकारी और चल रहे अभियानों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। साथ ही तय समयसीमा के भीतर शेष प्रभावित क्षेत्रों से नक्सली गतिविधियों को समाप्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा हो रही है।

बैठकों का सिलसिला दोपहर तक जारी रहेगा। दूसरी समीक्षा बैठक दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है। इसके बाद 2 से 3 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा और फिर 3 बजे से 4:15 बजे तक एक और सत्र आयोजित होगा। शाम 5 बजे से 6:10 बजे तक ‘छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस’ विषय पर राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 31 मार्च 2026 की समयसीमा से पहले यह अंतिम बड़ी समीक्षा बैठक है। इसमें वामपंथी उग्रवाद प्रभावित राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होकर दो प्रमुख मुद्दों पर विचार कर रहे हैं—देश को तय समय तक सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त करना और बस्तर क्षेत्र के रुके विकास कार्यों को गति देना।

विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पंजाब में दिए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करने से पहले भूपेश बघेल को अपनी पार्टी नेतृत्व से स्पष्टता लेनी चाहिए।