Saturday, March 14, 2026
Home कोरबा रास्ता रोककर लूटपाट कर रहे बदमाश गिरफ्तार, अखिलेश सिंह व विकास अग्रवाल...

रास्ता रोककर लूटपाट कर रहे बदमाश गिरफ्तार, अखिलेश सिंह व विकास अग्रवाल ने दिखाई बहादुरी

63
Screenshot

The Duniyadari : कोरबा। दुर्गानाला नहर पुल के पास राहगीरों को रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले बदमाशों को लोगों ने साहस दिखाते हुए पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार भी हो गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की है। दुर्गानाला 200 मेगावाट प्लांट नहर पुल के पास कुछ युवक रास्ता रोककर आने-जाने वालों से मारपीट कर रहे थे। बदमाश बेल्ट, डंडे और हथियारों के बल पर राहगीरों को डराकर लूटपाट कर रहे थे। कुछ युवकों के हाथों में चाकू और छुरा भी था, जिससे वे लोगों को धमका रहे थे।

इसी दौरान पथरापारा निवासी अखिलेश सिंह अपने साथी विकास अग्रवाल के साथ वहां पहुंचे। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने साहस दिखाया और बदमाशों का विरोध किया। दोनों ने न सिर्फ खुद का बचाव किया, बल्कि अन्य राहगीरों को भी सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई। बदमाशों ने अखिलेश सिंह की कार को रोककर तोड़फोड़ की और उनकी जेब से लगभग छह हजार रुपये नकद भी लूट लिए। इसके बावजूद अखिलेश सिंह ने हिम्मत नहीं हारी और परिजनों व आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे, जिससे कुछ आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि कुछ फरार हो गए। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोमनाथ बजारे, एकलव्य राव और गौतम साहू शामिल हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है, वहीं अखिलेश सिंह और विकास अग्रवाल की बहादुरी की सराहना की जा रही है।