Friday, March 29, 2024
Homeदेशलव, फरेब और मर्डर: वह डॉक्टर बनने आई थी...जानिए दिल्ली की दूसरी...

लव, फरेब और मर्डर: वह डॉक्टर बनने आई थी…जानिए दिल्ली की दूसरी ‘श्रद्धा’ निक्की की कहानी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था, तब तक एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां साहिल गहलोत नाम के शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड निक्की यादव का मर्डर कर दिया। साहिल ने निक्की की लाश अपने ढाबे के फ्रिज में छिपा दी और दूसरी लड़की से शादी भी कर ली। निक्की यादव हरियाणा के झज्जर की रहने वाली थी, जो डॉक्टर बनने का सपना लेकर दिल्ली में आई। इसी दौरान 5 साल पहले उसको साहिल से प्यार हो गया। वो एक-दूसरे के साथ लिव-इन में भी रहे। लेकिन शादी को लेकर दोनों के बीच ऐसा झगड़ा हुआ, जिसका अंजाम निक्की को जान देकर भुगतना पड़ा।

बात साल 2018 की है। हरियाणा के झज्जर में रहने वाली निक्की अपनी पढ़ाई पूरी करके डॉक्टर बनने का ख्वाब लेकर राजधानी दिल्ली आई। वो दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में रहने लगी। यहीं एक कोचिंग सेंटर में निक्की मेडिकल की तैयारी कर रही थी। निक्की रोजाना बस से कोचिंग जाती थी। एक दिन इसी बस में उसकी मुलाकात साहिल गहलोत से हुई। साहिल SSC की कोचिंग करने दिल्ली आया था। दोनों की दोस्ती हो गई और फिर ये प्यार में बदल गई।

एक ही कॉलेज में लिया दोनों ने एडमिशन

इसी साल दोनों ने ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज में एडमिशन ले लिया। साहिल डी फार्मा की पढ़ाई करने लगा वहीं निक्की ने बीए अंग्रेजी में एडमिशन ले लिया। दोनों ग्रेटर नोएडा में लिव इन में रहने लगे। साहिल और निक्की साथ में मनाली, ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून समेत कई जगहों पर घूमने भी गए। दोनों के बीच सबकुछ ठीक चल रहा था। लेकिन कोरोना के बाद लगे लॉकडाउन में दोनों अपने-अपने घर चले गए। साहिल ने अपने घर पर निक्की के बारे में कुछ नहीं बताया, ऐसे में उसके परिवार वालों ने उसकी शादी तय कर दी। शादी के लिए साहिल ने हामी भी भर दी। लॉकडाउन के बाद निक्की और साहिल फिर से साथ में रहने लगे। साहिल की शादी तय होने की बात से निक्की अनजान थी।

साहिल ने छिपाई शादी तय होने की बात

इसी बीच साहिल की सगाई 9 फरवरी और शादी 10 फरवरी की तय हुई, जब इसके बारे में निक्की को पता लगा तो वो टूट गई। उसने साहिल से शादी न करने के लिए कहा। दोनों ने गोवा भागने का भी फैसला किया, लेकिन ऐन वक्त पर साहिल इससे मुकर गया। साहिल ने सगाई कर ली। इसके बाद वो निक्की से मिलने भी पहुंचा।

कार में डेटा केबल से घोटा गला

जब दोनों मिले तो निक्की भी बहन भी उनके साथ थी। लेकिन साहिल निक्की को कार में बिठाकर कहीं ले गया। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के कश्मीरी गेट पर दोनों के बीच काफी झगड़ा हुआ। निक्की साहिल पर शादी न करने और गोवा जाने के लिए दवाब बना रही थी। इसके बाद साहिल ने उसे मारने का फैसला किया और कार में ही डेटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि निक्की का मर्डर करने के बाद साहिल घबरा गया उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे। इसके बाद उसने एक प्लान बनाया।

फैमिली ढाबा के फ्रिज में छिपाई लाश
साहिल निक्की की लाश लेकर रात 12 बजे नजफगढ़ के मितरांव गांव पहुंचा, जहां उसकी फैमिली एक ढाबा चलाती है। इसी दिन साहिल की शादी भी थी, इसलिए ढाबा बंद था। साहिल ने सोचा कि निक्की की लाश को यहीं ठिकाने लगा दिया जाए, बाद में कहीं और शिफ्ट कर देगा। उसने निक्की की लाश को एक पुराने फ्रिज में रख दिया और अपनी शादी की तैयारियों में जुट गया। जब निक्की घर नहीं पहुंची तो एक जानने वाले ने इसकी सूचना पुलिस को दी। निक्की की बहन को शक नहीं हुआ, उसे लगा कि वो दोनों ट्रिप पर गए हैं। पुलिस की पूछताछ में साहिल ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। वहीं निक्की यादव के पिता ने कहा, ‘उन्हें घटना के बारे में कल सुबह पता चला। मेरी बेटी से साथ अन्याय हुआ है। मैं चाहता हूं कि उसे मौत की सजा मिले।’ उन्होंने बताया कि निक्की बेटी पीएचडी के बाद प्रोफेसर बनना चाहती थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments