The Duniyadari: दुर्ग– जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलगांव नाला क्षेत्र में शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास झाड़ियों से 55 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान उरला के ओम नगर निवासी भगवंतीन बाई साहू के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का सहयोग करती थीं और अपनी बेटी व दामाद के साथ रहती थीं। महिला के लापता होने की शिकायत एक दिन पहले दर्ज कराई गई थी। इसके कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। शव के सिर पर पत्थर से वार किए जाने जैसे गहरे निशान पाए गए हैं। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस अन्य संभावित पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमों को भी जांच में लगाया गया है। विशेषज्ञों ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा महिला की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।















