लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते बीजेपी विधायक डॉ. चंद्रु लमानी गिरफ्तार

9

The Duniyadari: कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के आरोप में भाजपा विधायक डॉ. चंद्रु लमानी को रंगे हाथों पकड़ लिया। वह शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। कार्रवाई गदग जिले में की गई, जहां लोकायुक्त टीम ने एक सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन के तहत उन्हें गिरफ्तार किया।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, प्रथम श्रेणी के ठेकेदार विजय पुजारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लघु सिंचाई विभाग से जुड़ी एक रिटेनिंग वॉल परियोजना के सिलसिले में विधायक ने 11 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। बताया गया है कि जैसे ही 5 लाख रुपये की पहली किस्त दी जा रही थी, उसी दौरान टीम ने मौके पर दबिश देकर विधायक को पकड़ लिया।

इस कार्रवाई में विधायक के दो निजी सहायकों, मंजूनाथ वाल्मीकी और गुरुनाइक, को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।

यह घटना सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। 2023 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे डॉ. लमानी अब गंभीर जांच के दायरे में हैं। इस प्रकरण को कर्नाटक में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। लोकायुक्त अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच आगे भी जारी रहेगी और यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।