Wednesday, March 18, 2026
Home ग्वालियर वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन खाली डिब्बे बजाकर...

वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन खाली डिब्बे बजाकर जताया विरोध, होली से पहले भुगतान न हुआ तो हड़ताल की चेतावनी

21

The Duniyadari: ग्वालियर। शहर में सफाई व्यवस्था संभालने वाले नगर निगम कर्मियों ने वेतन में देरी के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। ग्वालियर नगर निगम की परिषद के बाहर कर्मचारियों ने खाली डिब्बे बजाए, जिन पर आटा दाल चावल खत्म लिखा था। इस प्रतीकात्मक विरोध के जरिए उन्होंने आर्थिक तंगी और समय पर वेतन न मिलने की समस्या को उजागर किया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समय पर वेतन भुगतान और अन्य लंबित मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना है कि हजारों सफाईकर्मी लंबे समय से वेतन में देरी की मार झेल रहे हैं, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। होली जैसे बड़े त्योहार से पहले भुगतान न होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।

कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने निगम परिषद के सभापति मनोज तोमर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे काम बंद कर हड़ताल शुरू करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर राजधानी भोपाल तक मार्च करने की चेतावनी भी दी गई है।

सभापति ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं को निगम प्रशासन और प्रदेश स्तर पर रखा जाएगा, ताकि समाधान निकालकर सफाईकर्मियों को राहत दी जा सके। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि त्योहार से पहले भुगतान को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।