The Duniyadari: रायगढ़ में महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि बादल सारथी (20 वर्ष), निवासी रायगढ़, ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने बताया कि वह अप्रैल 2025 में काम के सिलसिले में दिल्ली गई थी। वहां से लौटने के बाद उसकी पहचान आरोपी से हुई, जिसने उसे शादी का भरोसा दिलाकर अपने साथ रखा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने करीब तीन महीने तक उसे पत्नी की तरह अपने घर में रखा और इस दौरान उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी उसने शादी की बात की, आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
इसके बाद जनवरी 2026 में पीड़िता दोबारा दिल्ली चली गई, जहां आरोपी भी पहुंच गया और कुछ समय तक उसके साथ रहा। इसी दौरान पीड़िता के गर्भवती होने की बात सामने आई, जिस पर आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया, लेकिन 24 मार्च को वह अचानक दिल्ली से रायगढ़ लौट आया।
पीड़िता जब 2 अप्रैल को रायगढ़ पहुंचकर आरोपी के घर गई, तो उसने न सिर्फ उसे अंदर आने से रोका बल्कि शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।















