Thursday, April 23, 2026
Home Breaking बिलासपुर एयर कनेक्टिविटी में बदलाव: नया समर शेड्यूल लागू, फ्लाइट्स की संख्या...

बिलासपुर एयर कनेक्टिविटी में बदलाव: नया समर शेड्यूल लागू, फ्लाइट्स की संख्या और टाइमिंग में अपडेट

9

The Duniyadari: बिलासपुर के हवाई यात्रियों के लिए इस बार राहत और बदलाव दोनों साथ आए हैं। अलायंस एयर ने अपना नया समर शेड्यूल जारी कर दिया है, जो 1 मई से लागू होगा। लंबे समय से अस्थिर शेड्यूल के बाद अब स्थायी टाइमटेबल आने से यात्रियों को बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।

नए शेड्यूल के अनुसार, बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या सप्ताह में पांच दिन से घटाकर चार दिन कर दी गई है। वहीं कोलकाता और प्रयागराज के लिए उड़ानें सप्ताह में दो-दो दिन उपलब्ध रहेंगी। हालांकि दिल्ली से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर जाने वाली उड़ानों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

सबसे अहम बदलाव बिलासपुर–प्रयागराज–दिल्ली सेक्टर में देखने को मिला है। इस रूट पर अब रविवार को नई फ्लाइट जोड़ी गई है। यह विमान दिल्ली से दोपहर 2:45 बजे उड़ान भरकर 4:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगा, जहां से 5:00 बजे रवाना होकर शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा। इसके बाद यही फ्लाइट बिलासपुर से 6:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होकर रात 9:25 बजे राजधानी पहुंचेगी।

इस नए शेड्यूल के साथ एक और बड़ी सुविधा भी शुरू हो रही है। 3 मई से बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा मिलने लगेगी, जिससे देर शाम आने-जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

कुल मिलाकर नए शेड्यूल के तहत अब बिलासपुर से सप्ताह में चार दिन दिल्ली, दो दिन कोलकाता और एक दिन प्रयागराज के लिए हवाई सेवा उपलब्ध रहेगी। इसमें कुछ फ्लाइट्स अंबिकापुर के रास्ते संचालित होंगी, जबकि कुछ सीधी उड़ानें भी जारी रहेंगी।

गौरतलब है कि इससे पहले अलायंस एयर अस्थायी रूप से 15-15 दिन के लिए शेड्यूल जारी कर रही थी, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी रहती थी। अब स्थायी समर शेड्यूल आने से यह अनिश्चितता खत्म हो गई है।