The Duniyadari: राजनांदगांव– जिले के डोंगरगांव ब्लॉक के एक गांव में शादी समारोह में खाना खाने के बाद 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत पर सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात गांव में बरात आई थी। रात करीब 10 बजे मेहमानों और घरातियों ने खाना खाया। खाने में पूड़ी-सब्जी, चावल-दाल और बूंदी थी। खाना खाने के करीब 2 घंटे बाद एक-एक कर लोगों को उल्टियां और पेट में मरोड़ शुरू हो गई। देखते ही देखते बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग मिलाकर 25 लोग बीमार पड़ गए।
परिजन तुरंत सभी को डोंगरगांव अस्पताल लेकर पहुंचे। बीएमओ डॉ. राकेश साहू ने बताया कि सभी मरीजों को फूड प्वाइजनिंग के लक्षण हैं। समय पर इलाज मिलने से हालत खतरे से बाहर है। 8 मरीजों को ड्रिप चढ़ाई गई है, बाकी को दवा देकर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
सूचना मिलते ही खाद्य विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचे हुए खाने और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। शुरुआती जांच में गर्मी के कारण खाना खराब होने की बात सामने आ रही है।
एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। हलवाई और आयोजकों से पूछताछ होगी। शादी-ब्याह के सीजन में खुले में रखे खाने को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल कैंप भी लगाया है।















