Sunday, May 17, 2026
Home Breaking शादी के 27 दिन बाद उजड़ गया सुहाग: तेज रफ्तार हाईवा ने...

शादी के 27 दिन बाद उजड़ गया सुहाग: तेज रफ्तार हाईवा ने युवक को 100 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

4
Oplus_16908288

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एनएच-49 स्थित पीसौद चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद युवक को भारी वाहन करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान कनाई निवासी जयराम कश्यप (22 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा काफी तेज रफ्तार में था। अचानक हुई टक्कर के बाद बाइक सवार युवक वाहन के नीचे फंस गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए स्थिति को सामान्य कराया।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि जयराम की शादी महज 27 दिन पहले हुई थी और घर में खुशी का माहौल था। परिवार के बाकी सदस्य एक छठी कार्यक्रम में ग्राम नवापारा गए हुए थे, जबकि जयराम घर पर अकेला था। पिता ने बताया कि उन्हें यह भी पता नहीं था कि बेटा बाइक लेकर बाहर गया है। अस्पताल पहुंचने पर बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने एनएच-49 पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।