The Duniyadari: कोरबा। शादी की तैयारियों के बीच रिश्ता टूटने से आहत कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में कार्यरत 30 वर्षीय डॉक्टर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर का शव उनके स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर एल्विन बीते करीब एक साल से कोरबा में पदस्थ थे। सोमवार सुबह वे अस्पताल की ओपीडी में नहीं पहुंचे। काफी देर तक डॉक्टर के नहीं आने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके स्टाफ क्वार्टर का रुख किया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर खिड़की तोड़कर कर्मचारी कमरे में दाखिल हुए। इसके बाद बाथरूम में डॉक्टर का शव मिला।
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर के हाथ पर ब्लेड से चोट के निशान भी पाए गए हैं। फिलहाल मौत के कारणों और घटनाक्रम को लेकर जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि डॉक्टर एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। इसी दौरान उनका एक युवती से करीब दो साल से संबंध था। दोनों विवाह करने वाले थे और 12 अगस्त को चर्च में शादी के लिए आवेदन भी किया गया था।
हालांकि, बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और रिश्ता खत्म हो गया। बताया जा रहा है कि इसी घटना के बाद डॉक्टर मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने घटना से करीब तीन दिन पहले अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था। माता-पिता के पहुंचने से पहले ही उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिल गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



































