The Duniyadari: Bijapur– जिले में प्रधान अध्यापक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ठेकेदार देवाशीष मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में नामजद दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है और पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह घटना बीते बुधवार की है, जब चेरपाल निवासी और पालनार स्कूल के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया था। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें मृतक ने अपनी मौत के लिए तीन लोगों—देवाशीष मंडल, शैलेष वासम और एक अन्य शिक्षक को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही नोट में परिवार की जिम्मेदारी भी इन्हीं पर डालने की बात लिखी गई थी।
घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने जिला अस्पताल के सामने प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। विरोध के दौरान चक्काजाम भी किया गया और लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता और भुगतान को लेकर मृतक शिक्षक पर दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।















