Sunday, April 26, 2026
Home छत्तीसगढ़ शिक्षा अधिकारी और बाबू के बीच तकरार, मामला पहुँचा सिविल लाइन थाने

शिक्षा अधिकारी और बाबू के बीच तकरार, मामला पहुँचा सिविल लाइन थाने

143

The Duniyadari : वेतन जानकारी को लेकर विवाद, क्लर्क की शिकायत पर अधिकारी पर FIR

बिलासपुर। शिक्षा विभाग के जिला परियोजना कार्यालय में कार्यरत एक क्लर्क और सहायक कार्यक्रम समन्वयक के बीच हुए विवाद ने अब पुलिस थाने का रूप ले लिया है। क्लर्क ने सहायक कार्यक्रम समन्वयक पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा बंगालीपारा निवासी सुमंत कुमार यादव शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर पदस्थ हैं। राज्य परियोजना कार्यालय से स्थापना और वेतन संबंधी जानकारी मांगी गई थी, जिसके चलते उन्होंने सभी कर्मचारियों का विवरण तैयार कर लिया था। आरोप है कि सहायक कार्यक्रम समन्वयक चंद्रभान सिंह ठाकुर ने अपनी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई, जिससे काम अटक गया।

इसी सिलसिले में जब क्लर्क ने फोन कर जानकारी मांगी तो पहले कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में ऑपरेटर के जरिए कॉल स्पीकर पर जोड़ा गया। उस समय जानकारी मांगने पर सहायक कार्यक्रम समन्वयक ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी यह बातचीत सुनी।

बताया जा रहा है कि इसके बाद शाम को आरोपी अधिकारी ने क्लर्क को दोबारा फोन कर अभद्र टिप्पणी भी की। मामला 3 सितंबर का है। पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।