Saturday, May 16, 2026
Home छत्तीसगढ़ सक्ती जिले में धान खरीदी से पहले बड़ी कार्रवाई, सात कर्मचारी बर्खास्त—समितियों...

सक्ती जिले में धान खरीदी से पहले बड़ी कार्रवाई, सात कर्मचारी बर्खास्त—समितियों में मचा हड़कंप

102

The Duniyadari : सक्ती। प्रदेश में आज से धान खरीदी शुरू होने जा रही है, और इसी बीच सक्ती जिले से प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई कर दी है। सरकार द्वारा की गई तैयारियों के बीच जिले की सहकारी सेवा समिति के सात कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है। इन कर्मचारियों पर आरोप है कि वे धान खरीदी की प्रक्रिया में जानबूझकर बाधा डाल रहे थे और व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे।

धान खरीदी शुरू होने से पहले ही कर्मचारियों पर हुई इस कार्रवाई ने क्षेत्र की सहकारी समितियों में खलबली मचा दी है। प्रशासन का कहना है कि किसान हितों से जुड़े महत्वपूर्ण काम में किसी भी प्रकार की विलंब या व्यवधान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

क्योंकि प्रदेश भर में सहकारी कर्मचारी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन पर हैं, सरकार ने इस स्थिति को देखते हुए एस्मा (आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम) लागू कर दिया है। गृह विभाग ने इसके लिए आधिकारिक आदेश भी जारी किया है।

प्रशासन का मानना है कि यदि धान खरीदी में गड़बड़ी होती है, तो इसका सीधा असर लाखों किसानों पर पड़ेगा। यही कारण है कि अनुशासनहीनता और कार्य में बाधा डालने वाले कर्मचारियों पर तत्काल सख्त कदम उठाया गया है, ताकि धान खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से चल सके और अन्य आंदोलनकारी कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश मिले कि सरकार इस विषय में कोई लापरवाही नहीं सहन करेगी।

गौरतलब है कि आज से राज्यभर में 25 लाख से अधिक किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने वाली है। ऐसे में सरकार चाहती है कि किसी भी जिले में खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था प्रभावित न हो।