The Duniyadari: महासमुंद– जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक के बाद हुई सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने विशेष रूप से रात्रि के समय सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पशुपालन विभाग, यातायात पुलिस और नगरीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों से मवेशियों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही पशु मालिकों की पहचान कर उन्हें समझाइश देने और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय निकायों को नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने स्कूलों के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की पहल करने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि विद्यार्थी अपने अभिभावकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें, जिससे समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए हेलमेट नहीं पहनने और अन्य नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ई-चालान की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिले की सभी स्कूल बसों का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। साथ ही जिले में चिन्हित चार नए ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य भी जारी हैं।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














