The Duniyadari: मुंगेली– जिले में सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई स्कूल निर्धारित समय से पहले बंद मिले। निरीक्षण के दौरान न तो कक्षाओं का संचालन हो रहा था और न ही शिक्षक एवं संस्था प्रमुख मौजूद थे।
जांच के दौरान प्राथमिक शाला केसली, पूर्व माध्यमिक शाला टेढ़ाधौरा और हाई स्कूल टेढ़ाधौरा समय से पहले बंद पाए गए। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों और संस्था प्रमुखों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों का उस दिन का वेतन काटा जाएगा। साथ ही उनके विरुद्ध सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी शिक्षकों और संस्था प्रमुखों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर विद्यालय पहुंचें, नियमित रूप से शिक्षण कार्य संचालित करें और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आने पर और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।















