The Duniyadari: कोरबा। अवैध कबाड़ परिवहन पर नजर रखते हुए सीएसईबी चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरे दो वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। यह कार्रवाई सूचना मिलने के बाद की गई, जिसमें संदिग्ध रूप से कबाड़ ले जाए जाने की बात सामने आई थी।

पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर जांच की। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान परिवहन से जुड़े दस्तावेजों का तत्काल सत्यापन नहीं हो पाने पर वाहनों को जब्त कर लिया गया। मामले में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

वहीं, व्यवसायी मुकेश साहू ने पुलिस कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उनका कारोबार कानूनी रूप से संचालित होता है। उन्होंने दावा किया कि परिवहन किए जा रहे कबाड़ से संबंधित जीएसटी बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल दोनों वाहन और उनमें मौजूद कबाड़ पुलिस अभिरक्षा में हैं तथा मामले की जांच जारी है।















