The Duniyadari: जगदलपुर। बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 85वीं बटालियन ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए दो डंप को बरामद किया है।
यह कार्रवाई गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर और लेण्ड्रा के घने जंगलों में संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान की गई। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को जमीन में छुपाई गई बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
बरामद सामग्री में .303 राइफल, स्टेन गन, बीजीएल राउंड, डेटोनेटर, जिलेटिन, वायर सहित अन्य उपयोगी सामान शामिल हैं। सुरक्षाबलों का मानना है कि नक्सली इन सामग्रियों का इस्तेमाल किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए करने वाले थे।
समय रहते इस सामग्री की बरामदगी को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की योजनाओं को झटका लगा है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।















