The Duniyadari: कोरबा, 17 अगस्त 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश और जलाशयों में बढ़ती पानी की आवक के बीच हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। दर्री और सीतामणी क्षेत्र में नदी किनारे और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर होती जा रही है। सीतामणी में नदी का पानी कई घरों तक पहुंचने की सूचना है।
बांगो बांध से करीब 41 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं दर्री बराज के गेट खोले जाने के बाद बड़ी मात्रा में पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। दोनों जलाशयों से लगातार पानी की निकासी के चलते नदी का जलस्तर बढ़ा है।
सीतामणी में घरों तक पहुंचा पानी
हसदेव नदी के बढ़ते जलस्तर का असर सीतामणी क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 8 से 10 घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
दर्री क्षेत्र में भी प्रशासन अलर्ट
दर्री बराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी के निचले हिस्सों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
लगातार बारिश और बांगो बांध व दर्री बराज से पानी की निकासी के कारण कोरबा में हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हैं।































