The Duniyadari: रायपुर की वीआईपी रोड स्थित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात जमकर हंगामा हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक-युवतियों के बीच तीखी बहस और पुलिस की मौजूदगी में हंगामा साफ दिखाई दे रहा है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, क्लब में पार्टी करने पहुंचे दो समूहों के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक युवक ने दूसरे ग्रुप की युवती को ‘हाय’ कहा। इस बात पर साथ आए युवकों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ा और क्लब के अंदर ही धक्का-मुक्की होने लगी।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्ष क्लब से बाहर निकल आए, लेकिन मामला शांत होने के बजाय पार्किंग एरिया में फिर से गरमा गया। युवक-युवतियों ने एक-दूसरे को गालियां देते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के सामने ही काफी देर तक विवाद चलता रहा।
बताया जा रहा है कि राजधानी में क्लबों के संचालन को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा तय नियमों के बावजूद देर रात तक पार्टियों का आयोजन जारी है। पहले भी वीआईपी रोड स्थित एक कैफे में लेट नाइट पार्टी के दौरान पुलिस ने कार्रवाई की थी। वहीं सेरीखेडी के पियानो क्लब में एक इन्फ्लुएंसर द्वारा युवतियों को शराब पिलाने का वीडियो भी वायरल हुआ था।
हाइपर क्लब में विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां मारपीट और गोली चलने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हर बार सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद क्लबों में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।















