Wednesday, April 29, 2026
Home Breaking भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में आग, 7 कर्मचारी घायल, खिड़कियों...

भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में आग, 7 कर्मचारी घायल, खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

32

The Duniyadari: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 7 कर्मचारी घायल हो गए, जबकि करीब 10 कर्मचारियों ने सूझबूझ से अपनी जान बचा ली। घटना 7 अप्रैल को भिलाई नगर थाना क्षेत्र की है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 के STG-4 टर्बाइन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते टर्बाइन हॉल में घना धुआं फैल गया और पूरा पावर प्लांट प्रभावित हो गया। आसमान में दूर तक धुएं के गुबार और आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर निकलते नजर आए। कुछ कर्मचारी पाइप के सहारे नीचे उतरे, जबकि कुछ को अन्य कर्मचारियों ने सुरक्षित नीचे पहुंचाया। हादसे में एक संविदा कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही संयंत्र की अग्निशमन टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 11:10 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद क्षेत्र में कूलिंग का काम भी किया गया।

एहतियातन 2 नियमित कर्मचारियों और 5 संविदा श्रमिकों को सेक्टर-9 अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।