The Duniyadari: रायपुर- विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई, जिसमें उन्होंने बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद की स्थिति और विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार दशकों से प्रभावित रहे बस्तर क्षेत्र में अब शांति का माहौल बन रहा है और सरकार यहां तेज़ी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना बना रही है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बस्तर के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को मानसून के बाद बस्तर दौरे का निमंत्रण भी दिया, जहां कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है।
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात की। इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।
वहीं असम में होने वाले चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थिति मजबूत है और पार्टी वहां फिर से सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में रहेगा।















