The Duniyadari: Raigarh जिले के ग्राम छर्रा टांगर में शनिवार को हाथियों का एक दल पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झुंड के साथ दो शावक भी मौजूद थे। हाथियों को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और कुछ लोगों ने उन्हें भगाने के लिए पटाखे चलाने के साथ पत्थरबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीणों की इस हरकत से हाथियों का झुंड बुरी तरह विचलित हो गया और दोनों शावक अपने दल से अलग दिशा में भटक गए। शावकों के अलग होने से बड़े हाथी अधिक सतर्क और आक्रामक नजर आए, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ लगातार हाथियों के करीब पहुंचने और उन्हें दौड़ाने की कोशिश करती रही, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल गांव पहुंची और लोगों को पीछे हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों की समझाइश और सतर्क प्रयासों के बाद हाथियों के दल को सुरक्षित तरीके से गांव से बाहर निकाला गया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली हाथियों, खासकर शावकों के साथ मौजूद झुंड के पास जाने या उन्हें उकसाने से बचें। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए वन अमले के निर्देशों का पालन करना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।















