Saturday, June 27, 2026
Home Breaking 49.50 लाख की चिटफंड ठगी में दो और आरोपी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन...

49.50 लाख की चिटफंड ठगी में दो और आरोपी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई

4
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raigarh- जिले में लंबित मामलों के फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने 49.50 लाख रुपये की कथित चिटफंड धोखाधड़ी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे फ्लोरा मैक्स कंपनी के दो आरोपियों श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह मामला 165 महिलाओं से स्व-रोजगार और बैंक ऋण के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा है। ग्राम चैनपुर निवासी बाल कुमारी राठिया की शिकायत पर दिसंबर 2024 में धरमजयगढ़ थाने में अपराध दर्ज किया गया था। आरोप है कि फ्लोरा मैक्स कंपनी के संचालकों ने महिलाओं को अधिक मुनाफे और रोजगार का झांसा देकर समूहों में जोड़ा, उनके नाम पर बैंक से 30-30 हजार रुपये का ऋण दिलवाया और विभिन्न स्थानों पर दुकानें खुलवाईं।

शिकायत के अनुसार, दुकानों से होने वाली आय पर कंपनी के संचालकों ने कब्जा कर लिया और महिलाओं को हर महीने 2,700 रुपये देने का वादा भी पूरा नहीं किया। इसके चलते महिलाओं पर बैंक ऋण की किश्तों का अतिरिक्त बोझ आ गया। जांच में सामने आया कि चैनपुर, सिथरा, जबगा और जमाबीरा गांव की 165 महिलाओं से करीब 49.50 लाख रुपये की ठगी की गई।

पुलिस जांच में कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह, राजू सिंह, गुड़िया देवी राजपूत, श्याम सिंह राजपूत और बलराम बंजारा समेत अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ ही छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का संरक्षण अधिनियम तथा ईनामी चिट एवं धन परिचालन स्कीम (प्रतिबंध) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में पहले ही मंजू चौहान सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी अखिलेश सिंह, राजू सिंह और गुड़िया देवी एक अन्य धोखाधड़ी मामले में कोरबा जेल में निरुद्ध हैं, जहां उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की जा चुकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने श्याम सिंह राजपूत को जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा से तथा बलराम बंजारा को खरसिया क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य बिंदुओं की भी जांच जारी है।