Sunday, June 14, 2026
Home नई दिल्ली 7 राज्यों में उपचुनाव का ऐलान: 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर...

7 राज्यों में उपचुनाव का ऐलान: 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को आएंगे नतीजे

139

The Duniyadari :नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनावों के साथ देश के सात राज्यों में आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की है। इन सीटों के लिए 11 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना होगी।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा सीटें, राजस्थान की अंता, झारखंड की घाटशिला, पंजाब की तरनतरण, तेलंगाना की जुबली हिल्स, मिजोरम की डांपा और ओडिशा की नुआपाड़ा सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। ये सभी सीटें इस्तीफे, मृत्यु या अयोग्यता जैसी परिस्थितियों के चलते रिक्त हुई थीं।

जम्मू-कश्मीर में बडगाम सीट उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के बाद खाली हुई, जबकि नगरोटा सीट पूर्व विधायक देवेंद्र राणा के निधन से रिक्त है। इन दोनों सीटों पर भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है।

इसी तरह, राजस्थान की अंता सीट कंवरलाल के अयोग्य घोषित होने से खाली हुई, जबकि झारखंड की घाटशिला सीट पर पूर्व विधायक रामदास सोरेन के निधन के बाद उपचुनाव होना है। पंजाब, तेलंगाना, मिजोरम और ओडिशा की सीटों पर भी स्थानीय कारणों से उपचुनाव आवश्यक हो गए हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन उपचुनावों के नतीजे कई राज्यों में सत्ता समीकरणों पर असर डाल सकते हैं। बिहार चुनावों के समानांतर इन राज्यों में उपचुनावों का आयोजन चुनावी माहौल को और अधिक गरमाने वाला साबित होगा। निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से आचार संहिता और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।