Saturday, March 14, 2026
Home Breaking विकास कार्यों को लेकर कलेक्टर ध्रुव ने दिए आवश्यक निर्देश

विकास कार्यों को लेकर कलेक्टर ध्रुव ने दिए आवश्यक निर्देश

114

The Duniyadari: सुकमा– जिले में हो रहे विकास कार्यों की गति देने के उद्देश्य से आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने विभिन्न विभागों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं और निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नियद नेल्ला नार क्षेत्र में चल रहे पीडीएस भवन, सामुदायिक भवन तथा आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पीएम ग्राम सड़क योजना, विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन विभागों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को तय समय में पूरा करें ताकि लोगों को शीघ्र लाभ प्रदान मिले।

बैठक में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा पर चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने और किसानों को समय पर लाभ देने हेतु निर्देशित किया गया।

माओवाद पीड़ितों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए राहत योजनाएं : 

कलेक्टर ध्रुव ने माओवाद पीड़ित और आत्मसमर्पित माओवादियों को शासकीय योजनाओं से लाभांवित करने के प्रयासों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि आत्मसमर्पित माओवादियों को प्राथमिकता से शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में काम करें। जाति प्रमाण पत्रों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तहसीलदारों, एसडीएम और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण किया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत सुकमा को मलेरिया मुक्त जिला बनाने की दिशा में ठोस रणनीति अपनाने और जमीनी स्तर पर कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक संसाधनों की तत्परता से व्यवस्था करने को कहा। कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाएं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास योजनाएं, शिक्षा और अन्य योजनाएं सहित विभागीय कार्यों की समीक्षा की।