Sunday, October 25, 2026
Home Breaking शिक्षक पर आरोप: धान छंटवा रहे मास्टर जी, ग्रामीणों ने लगाए पढ़ाई...

शिक्षक पर आरोप: धान छंटवा रहे मास्टर जी, ग्रामीणों ने लगाए पढ़ाई से ध्यान भटकाने के आरोप

263

The Duniyadari: जांजगीर- छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों की दुर्दशा एक बार फिर सामने आई है, जहां शिक्षा के मंदिर में ज्ञान नहीं, बल्कि बच्चों से मजदूरी करवाई जा रही है। जांजगीर जिले के एक सरकारी स्कूल से सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर में शिक्षक बच्चों से धान छंटवा रहे हैं, जबकि कक्षा में पढ़ाई ठप पड़ी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार सरकारी स्कूलों में बच्चों से खेत संबंधी कार्य, झाड़ू-पोंछा और अन्य घरेलू काम करवाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। लेकिन इस बार शिक्षक का यह कृत्य कैमरे में कैद हो गया।

जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कई शिक्षक नशे में स्कूल पहुंचते हैं और बच्चों को शिक्षा देने के बजाय निजी कार्यों में लगाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।

इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे। शिक्षा का अधिकार कानून के तहत यह न केवल कानूनी उल्लंघन है, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी भयानक खिलवाड़ है।