Tuesday, October 27, 2026
Home छत्तीसगढ़ सपने का झांसा और ठगी का सच: मेडिकल छात्रा के खाते से...

सपने का झांसा और ठगी का सच: मेडिकल छात्रा के खाते से लाखों का नुकसान

225

The Duniyadari : रायपुर। ऑनलाइन ठगों ने राजधानी की एक मेडिकल छात्रा को आसान मुनाफे का सपना दिखाकर लाखों रुपए ऐंठ लिए। शुरुआत छोटे-छोटे काम और मामूली रकम से हुई, लेकिन धीरे-धीरे बात लाखों तक पहुंच गई।

पंडरी-मोवा इलाके में रहने वाली छात्रा पाखी वर्मा को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर “वेलफेयर टास्क वर्क फ्रॉम होम” नाम से फर्जी काम कराया गया। शुरुआत में कुछ टास्क पूरे करने पर उन्हें तीन किस्तों में 1850 रुपए भेजे गए। इससे भरोसा बढ़ा तो ठगों ने 5 हजार, फिर 50 हजार और उसके बाद डेढ़ लाख तक की रकम जमा करा ली।

इतना ही नहीं, टास्क में गलती का हवाला देकर छात्रा से फाइन के नाम पर साढ़े चार लाख रुपए भी ऐंठ लिए गए। धीरे-धीरे रकम इतनी बढ़ी कि एक महीने के भीतर छात्रा कुल साढ़े 11 लाख रुपए संदिग्ध खातों में ट्रांसफर कर बैठीं।

जब बार-बार पैसे मांगे जाने लगे और भुगतान नहीं किया गया, तब जाकर छात्रा को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पंडरी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।