Thursday, July 16, 2026
Home छत्तीसगढ़ एमएससी छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा —...

एमएससी छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा — ‘पिता का प्यार नहीं मिला, मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं’

150

The Duniyadari : रायपुर। राजधानी रायपुर में एक एमएससी छात्रा ने किराए के मकान में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रज्ञा शर्मा के रूप में हुई है, जो साइंस कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर आदर्श चौक स्थित रामजी कुंज की है।

जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा शर्मा मूल रूप से बेमेतरा जिले की रहने वाली थी और रायपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 17 अक्टूबर को उसकी एक सहेली उससे मिलने पहुंची, तो दरवाजा भीतर से बंद नहीं था। जब वह कमरे में दाखिल हुई, तो देखा कि प्रज्ञा ने सीलिंग फैन की रॉड से फांसी लगा ली थी।

मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। उसने यह भी उल्लेख किया है कि उसे अपने पिता का प्यार नहीं मिला। बताया जा रहा है कि छात्रा के माता-पिता के बीच काफी पहले अलगाव हो चुका था। पिता बीमार चल रहे हैं, जबकि मां महासमुंद जिले में शासकीय सेवा में पदस्थ हैं।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा का स्थायी पता महासमुंद बस स्टैंड के पास बताया गया है। विवेचना अधिकारी ने बताया कि परिजन अभी शोक में हैं, इसलिए विस्तृत बयान नहीं लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों से पूछताछ और जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन परिस्थितियों में प्रज्ञा ने यह कदम उठाया।