बिलासपुर – तोरवा में दो साल पुराने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, मां के अवैध संबंधों के शक में बेटे ने की थी हत्या

17

The Duniyadari : बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुई एक रहस्यमयी हत्या का पुलिस ने दो साल बाद पर्दाफाश कर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या का कारण आरोपी बेटे की अपनी मां के अवैध संबंधों को लेकर उपजा गुस्सा था।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 में तोरवा क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर विनोद महंत का शव संदिग्ध हालत में मिला था। उसके शरीर पर गहरे चोटों के निशान थे और हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। शुरुआती जांच में पुलिस ने मर्ग कायम किया था, लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर मामले की गहन जांच की गई।

पूर्व सीएसपी आईपीएस अक्षय प्रमोद सबद्रा ने केस में कई अहम सुराग जुटाए थे। उनके स्थानांतरण के बाद वर्तमान सीएसपी कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) ने जांच को आगे बढ़ाते हुए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक विनोद महंत का संबंध राजकुमारी पासी नामक महिला से था। एक दिन महिला का बेटा कृष्णा पाल अपने दोस्त मनोज पाल के साथ घर पहुंचा, जहां उसने मां को विनोद के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। गुस्से में दोनों ने विनोद पर लोहे की रॉड और मुक्कों से हमला कर दिया।

जब विनोद बेहोश हो गया, तो दोनों ने समझा कि वह मर चुका है। शव को गमछे से बांधकर निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। लेकिन जब मृतक हिला, तो आरोपी दोबारा लौटे और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपियों — परियापारा लाल खदान निवासी कृष्णा पाल (24) और मनोज पाल उर्फ धन्ना (21) — को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कबूलनामे के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।