The Duniyadari : बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक मंदिर परिसर में आयोजित क्रिसमस कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और शांति भंग की आशंका को देखते हुए आयोजन से जुड़े लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ईसाई समुदाय से जुड़ी नवजीवन सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी का आयोजन किया गया था। इस आयोजन के लिए प्रशासन या पुलिस से किसी प्रकार की पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। कार्यक्रम के दौरान भोजन और उपहार वितरण की व्यवस्था की गई थी।
आयोजन की सूचना मिलते ही स्थानीय हिन्दू संगठनों ने आपत्ति जताई और मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। संगठनों का कहना था कि धार्मिक स्थल की मर्यादा का ध्यान नहीं रखा गया और बिना अनुमति मंदिर परिसर का उपयोग निजी कार्यक्रम के लिए किया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
तनाव बढ़ने की सूचना पर सिरगिट्टी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल को शांत कराया। पुलिस ने सभी से संयम बरतने की अपील की और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
इस मामले में हिन्दू संगठनों की ओर से थाने में लिखित शिकायत भी दी गई, जिसमें आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शांति भंग की संभावना मानते हुए धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है ताकि क्षेत्र में सौहार्द बना रहे।
































