The Duniyadari : कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र से सामने आए एक छेड़छाड़ के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शिकायत की भनक लगते ही आरोपित ने कथित रूप से दबाव बनाने की रणनीति अपनाते हुए पीड़ित पक्ष के खिलाफ ही शिकायत दर्ज करा दी। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस चौकी क्षेत्र में मामला दर्ज हुआ है, वहां का नाम पहले से ही विवादों से जुड़ता रहा है। आरोपित व्यक्ति को चौकी के आसपास बेझिझक घूमते देखे जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपित से जुड़े कुछ लोगों ने छेड़छाड़ के आरोप से बचने के लिए पहले ही पीड़ित पक्ष पर काउंटर केस दर्ज कराने की पहल की। इससे मामला और अधिक संवेदनशील बन गया है।
इस संबंध में मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल इस बात पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि पुलिस जांच किस दिशा में जाती है और क्या इस मामले में निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित हो पाता है।
































