राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रक चालकों की दर्दनाक मौत

28

The Duniyadari : जशपुर जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर काईकछार क्षेत्र के समीप दो भारी मालवाहक ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के चालक अपने-अपने केबिन में फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दोनों चालकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, हालांकि शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के कारण केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। कटर मशीन की सहायता से ट्रकों के हिस्से काटकर शवों को बाहर निकाला जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस द्वारा नियंत्रित किया गया।

फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना से जुड़ी हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।