Friday, October 23, 2026
Home कोरबा कोरबा के एसएस प्लाजा में तड़के लगी भीषण आग, कई दुकानों को...

कोरबा के एसएस प्लाजा में तड़के लगी भीषण आग, कई दुकानों को भारी नुकसान की आशंका

105
Screenshot

The Duniyadari : कोरबा।शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित एसएस प्लाजा में सोमवार सुबह तड़के अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब छह बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और प्लाजा के भीतर घना धुआं भर गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आभूषण और स्टील से जुड़ी कुछ प्रमुख दुकानों को सबसे अधिक क्षति पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आग इतनी तेज है कि अब तक उस पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए एक के बाद एक दमकल वाहन बुलाए गए हैं और लगातार पानी की बौछार की जा रही है। तेज लपटों और धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

दमकल कर्मी आग को आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चाबंदी कर काम कर रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से प्लाजा और उसके आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।