The Duniyadari :सुकमा, 03 जनवरी। सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में अहम कामयाबी मिली है। डीआरजी के जवानों ने सटीक कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में कुल 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमेटी का कुख्यात प्रमुख सचिन मंगडू भी शामिल बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार सुकमा–बीजापुर सीमा से लगे दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की गतिविधियों की पुख्ता सूचना मिलने के बाद ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पूरे अभियान की निगरानी स्वयं सुकमा एसपी किरण चव्हाण द्वारा की जा रही है। इसी क्रम में डीआरजी की टीम ने दक्षिण बस्तर के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो सुबह करीब 5 बजे माओवादियों के साथ रुक-रुक कर हुई मुठभेड़ में तब्दील हो गया।
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया। सर्चिंग के दौरान अब तक घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है। सुरक्षा दृष्टि से फिलहाल ऑपरेशन से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां, मुठभेड़ स्थल का सटीक स्थान और बलों की तैनाती से संबंधित विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक अभियान के पूरी तरह समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। यह कार्रवाई दक्षिण बस्तर अंचल में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में सुरक्षा बलों की निर्णायक पहल मानी जा रही है।
































