The Duniyadari: सुकमा, 25 अगस्त। सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सलियों के हथियार डंप का पता लगाया है। भेज्जी थाना क्षेत्र के भंडारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में हुई सर्चिंग के दौरान बड़ी संख्या में हथियार, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में अभियान चलाया था। इसी दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए डंप का सुराग मिला।
बरामद हथियारों में SLR, .315 बोर और .410 मस्केट रायफल, 6 BGL लॉन्चर, सिंगल शॉट रायफल, देसी कट्टा, 12 बोर रायफल और भरमार बंदूकें शामिल हैं। इसके अलावा AK-47, SLR, इंसास, .303, .315 और 12 बोर हथियारों के सैकड़ों जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
सुरक्षाबलों को डंप से 240 जिलेटिन स्टिक, बड़ी संख्या में BGL सेल, देसी हैंड ग्रेनेड और करीब 18 किलो गन पाउडर समेत अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई। साथ ही नक्सली वर्दी, मैगजीन पाउच, कमर बेल्ट, ड्रम, सोलर प्लेट, बैग, दवाइयां और दैनिक उपयोग की सामग्री भी मिली है।
पुलिस का कहना है कि जंगलों और दुर्गम इलाकों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए ऐसे डंप की तलाश आगे भी जारी रहेगी। सुरक्षाबलों की इस बरामदगी को नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



































