Tuesday, March 17, 2026
Home रायपुर जंबूरी आयोजन में अनियमितता का कांग्रेस का आरोप, मंत्री-अधिकारियों की भूमिका पर...

जंबूरी आयोजन में अनियमितता का कांग्रेस का आरोप, मंत्री-अधिकारियों की भूमिका पर सवाल

27

The Duniyadari :रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग को लेकर कांग्रेस ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। मामला बालोद जिले में प्रस्तावित जंबूरी–2026 आयोजन से जुड़ा बताया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही आयोजन से संबंधित कार्य शुरू करा दिए गए, जो नियमों और पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने कहा कि जंबूरी आयोजन के लिए टेंडर 3 जनवरी को जेम पोर्टल पर खुलना निर्धारित था, लेकिन उससे पहले ही शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बालोद परिसर में एक निजी एजेंसी द्वारा तैयारी संबंधी कार्य होते देखे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थल पर सामग्री, वाहन और मजदूरों की मौजूदगी से यह साफ संकेत मिलता है कि काम पहले से तय था।

कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को टेंडर नियमों के खिलाफ बताते हुए पूछा है कि बिना प्रक्रिया पूरी हुए किसी निजी कंपनी को काम करने की अनुमति किस आधार पर दी गई। पार्टी का कहना है कि जेम पोर्टल जैसी व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता सुनिश्चित करना है, ऐसे में टेंडर से पहले कार्य शुरू होना संदेह पैदा करता है।

सुबोध हरितवाल ने यह भी कहा कि जंबूरी आयोजन 9 से 13 जनवरी के बीच प्रस्तावित है और इसकी जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा विभाग की है। ऐसे में विभागीय मंत्री और अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
पार्टी का यह भी कहना है कि जो इच्छुक एजेंसियां नियमों के अनुसार टेंडर खुलने का इंतजार कर रही थीं, उनके अधिकारों का हनन हुआ है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई तो वह इसे लेकर आगे आंदोलन करेगी।