Wednesday, March 18, 2026
Home कोरबा गेवरा कोयला परियोजना में कोयला लोडिंग को लेकर टकराव, निजी कंपनियों के...

गेवरा कोयला परियोजना में कोयला लोडिंग को लेकर टकराव, निजी कंपनियों के कर्मचारियों में झड़प, कई घायल

42

The Duniyadari : कोरबा :गेवरा ।एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शुमार एसईसीएल की गेवरा परियोजना एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। कोयला लोडिंग कार्य को लेकर दो निजी कंपनियों के बीच हुए टकराव ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद खदान परिसर में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेवरा परियोजना में कोयला लिफ्टिंग से जुड़े कार्य को लेकर लंबे समय से असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। आरोप हैं कि एक निजी कंपनी का वर्चस्व अन्य कंपनियों के कामकाज में बाधा उत्पन्न कर रहा था, जिससे खदान क्षेत्र में आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही थी। इस हालात से खदान में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी भी असहज महसूस कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीती रात कोयला लिफ्टिंग से जुड़े कर्मचारियों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष से जुड़े लोगों द्वारा दूसरे पक्ष के कर्मचारियों के साथ जमकर हाथापाई की गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर दोनों ओर से हिंसक झड़प हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही दीपका थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि कोयला लिफ्टिंग को लेकर इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। लगभग एक वर्ष पूर्व पाली क्षेत्र में भी इसी तरह का विवाद हुआ था, जिसे समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया। गेवरा में ताजा घटना के बाद आशंका जताई जा रही है कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो दीपका क्षेत्र में भी कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।