सरगुजा में धर्मांतरण के आरोप पर पूर्व डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार

21

The Duniyadari : अंबिकापुर। सरगुजा जिले में धर्मांतरण से जुड़े एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांधी नगर थाना क्षेत्र के नमनाकला निवासी और सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनके निवास स्थान पर लोगों को कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई।

इस संबंध में गांधी नगर थाना में रोशन तिवारी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी द्वारा हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक बातें कहकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNSS की धारा 270, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को गांधी नगर थाना क्षेत्र से धर्मांतरण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है और कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।